Saturday, July 24, 2010

श्रीवृन्दावन-महिमामृतं २.६७-६९

Photo by Gopi Dasi.


वरमिह वृन्दारण्ये सुवराकी मदनमोहनद्वारि ।
अपि सरमापि रमाप्रियसख्यपि नान्यत्र नो रमापि स्याम् ॥

इस श्रीवृन्दावन में श्रीमदनमोहन के दरवाजे पर तुच्छ कुक्करी होकर भले ही रहूंगा, तथापि और जगह लक्ष्मी की प्यारी सखी अथवा स्वयं लक्ष्मी बन कर भी रहने की इच्छा नहीं है ॥२.६७॥




प्रत्यङ्गोच्छलदद्भुतनवकाञ्चनचन्द्रचन्द्रिकाजलधिः ।
नवकैशोरचमत्काररूपा वृन्दावनेश्वरी स्फुरतु ॥

जिन के प्रति अङ्ग से उज्ज्वल अद्भुत नवीन स्वर्ण चन्द्र चन्द्रिका का सागर उच्छलित हो रहा है, वही नवीन कैशोर के चमत्कार की हेतु रूपा श्रीवृन्दावनेश्वरी मेरे हृदय में स्फुरित हों ॥२.६८॥




कुर्वन्ति सर्वनाशं ध्रुवमतिमायामयप्रमदाः ।
तच्छब्दशून्य वृन्दारण्यप्रदेशे वसेत्ततश्चतुरः ॥

अत्यन्त मायाशीला स्त्रियां निश्चय ही सर्वस्व नाश कर देती हैं, अतः चतुर व्यक्ति को इस माया विस्तारी नारी शब्द शून्य श्रीवृन्दावन प्रदेश में वास करना उचित है ॥२.६९॥


Friday, July 23, 2010

2010-07-24 ब्रज का समाचार

ईमानदारी आज भी जिंदा है...


वृन्दावन (DJ 2010.07.23)। आज के भौतिकवादी युग में जहां पैसे के लिए लोग एक-दूसरे से लड़ने पर उतारू हैं ऐसे में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो दूसरे के पैसे को हराम समझते हैं। ऐसा ही एक वाकया वृन्दावन में उस समय प्रकाश में आया जब भाजयुमो के नगर प्रभारी एवं उसके मित्र रुपयों से भरे पर्स को लौटाने के लिए भागदौड़ करने में लगे हैं।

भाजयुमो नगर प्रभारी सुनील चतुर्वेदी एडवोकेट अपने मित्र राजीव त्रिपाठी के साथ प्रात: बाजार जाने के लिए घर से निकले। उसी दौरान मथुरा मार्ग स्थित वंशीवाला के समीप उन्हें एक पर्स पड़ा हुआ दिखाई दिया, जिसमें लगभग चार हजार रुपये, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड व अन्य जरूरी कागजात रखे थे। पैन कार्ड पर राकेश भूषण पुत्र इंदूभूषण का नाम अंकित था किन्तु उपयुक्त पता एवं फोन नम्बर न होने के कारण श्री चतुर्वेदी पर्स को तत्काल लौटा नहीं पाये। उनके द्वारा पर्स को सही व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर क्षेत्रवासियों ने श्री चतुर्वेदी एवं त्रिपाठी के प्रयास की प्रशंसा की है।



आये दिन धसक रही नवनिर्मित सड़क


मथुरा (DJ 2010.07.23)। सावधान! अगर आप मथुरा-वृन्दावन मार्ग पर सफल कर रहे हैं तो जरा संभलकर चलें। न जाने कब और किस जगह आपके नीचे की जमीन धंस जाये और आप दुर्घटना के शिकार हो जायें। क्योंकि इस मार्ग के निर्माण में ठेकेदारों ने भ्रष्टाचार की जो पटकथा लिखी उसने आम आदमी की जिंदगी को खतरे में डाल दिया है।जी हां!

हम बात कर रहे है वृन्दावन समग्र विकास योजना की। इस प्रोजेक्ट के लागू होने पर आम जनता को विकास की जो उम्मीदें थीं उसे विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों ने मिलकर एक-एक कर तोड़ दिया। हाल यह है कि अब आम जनता इन विकास कार्यो से ऊब चुकी है। वृन्दावन प्रोजेक्ट में बरती गयी लापरवाही और मानकों के साथ खिलवाड़ का पूरा सच मथुरा-वृन्दावन मार्ग बयां कर रहा है।

इस मार्ग पर पागल बाबा मंदिर से लेकर मिर्जापुर धर्मशाला चौराहा तक जितनी जगह गहरे गड्ढे बन गये हैं उतनी ही गहरी है वृन्दावन प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार की जडे़ं। इस योजनान्तर्गत जब उक्त मार्ग पर सीवर लाइन और फुटपाथ निर्माण का कार्य शुरू हुआ तभी से खुलेआम भ्रष्टाचार का खेल शुरू हुआ।

मिट्टी बेचकर अपनी जेबें भरने वाले अधिकारी और ठेकेदारों ने आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया। मानसून की बारिश ने ठेकेदारों की करतूत उजागर की है। हालत यह है कि उक्त मार्ग पर नित्यप्रति सड़क धंस रही है जो गहरा गड्ढा का रूप ले रहे हैं। ये गड्ढे किसी भी दिन बड़ा हादसा घटित कर सकते हैं।

मंगलवार को जयपुर मंदिर के समीप सड़क धंसने से जहां वाहन चालक बाल-बाल बचे कि बुधवार को टी.वी. सेनेटोरियम के समीप यकायक सड़क धंसने से गंभीर हादसा होते-होते बच गया। इसके अलावा उक्त मार्ग पर फुटपाथ पूरी तरह टूट चुका है और गहरे-गहरे गड्ढे बन चुके हैं।

सड़क धंसने का यह क्रम लगभग पन्द्रह दिन पूर्व मानसून की पहली बारिश के साथ ही शुरू हो गया जो आज भी अनवरत रूप से जारी है, लेकिन न तो अधिकारी और न ही ठेकेदारों को इन्हें दुरुस्त करने की इच्छा है। शायद अफसरों को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार है।



लोधी आश्रम पर कब्जे मामले में समाज में उभरा आक्रोश


मथुरा (DJ 2010.07.23)। संत कालोनी परिक्रमा मार्ग स्थित लोधी आश्रम में तथाकथित भूमाफियाओं द्वारा कब्जे के प्रयास के खिलाफ लोधी समाज का आक्रोश उभरकर सामने आ गया। स्वजातीय बंधुओं ने बैठक कर भूमाफियाओं को मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान किया।

परिक्रमा मार्ग स्थित लोधी समाज की सम्पत्ति के स्वामित्व को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। जिसे लेकर लोधी समाज के स्वजातीय बंधु भारी आक्रोशित हैं। पूर्व में भी पूर्व सांसद स्वामी सच्चिदानंद हरी साक्षी की मौजूदगी में भूमाफियाओं के खिलाफ बैठक की गयी थी।

इसी क्रम में गुरुवार को प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त छोटेलाल वर्मा, सांसद गंगाचरण राजपूत समेत अनेक राजनैतिक व सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में स्वजातीय लोगों ने भूमाफियाओं के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। उनका कहना था कि किसी भी कीमत पर समाज की सम्पत्ति को खुर्द-बुर्द नहीं होने दिया जायेगा। वक्ताओं का कहना है कि उक्त सम्पत्ति को समाज हित में सामाजिक कार्यो के लिए उपयोग में लाया जायेगा।




मेला में गैर हाजिर पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही


मथुरा (DJ 2010.07.23)। मुड़िया मेले के लिए विभिन्न जनपदों से यहां तैनात किये गए पुलिस कर्मियों में से सैकड़ों से अधिक कर्मी मेला ड्यूटी से अनुपस्थित हैं।

मेला प्रारम्भ हुए दो दिन बीत जाने पर भी आमद न कराने वाले ऐसे पुलिस कर्मियों के खिलाफ उनके गृह जनपदों को रपट भेजी जा रही है। बता दें कि मेलों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रदेश के अनेकों जनपदों से पुलिस फोर्स की व्यवस्था की गई थी। मगर उक्त में से करीब दो सैकड़ा से अधिक पुलिस कर्मी अपनी ड्यूटी से नदारद हैं और नहीं उनके द्वारा आमद की गई है। सीओ आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि ऐसे दो सौ से अधिक पुलिस कर्मियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही के लिए एसएसपी के माध्यम से उनके जनपदों में रपट भेजी जा रही है।



गुरु तुम्हारे रुपयों के भूखे नहीं: जयगुरुदेव


मथुरा (DJ 2010.07.23)। संत बाबा जयगुरुदेव महाराज ने कहा है कि गुरु के बिना कोई पूजा नहीं होती। हां यदि सदगुरु की पूजा आपने कर ली तो समझो सबकी पूजा हो गई। जैसे समुद्र में नदियां समाई हैं ठीक उसी प्रकार गुरुदेव में सभी पूजा निहित हैं। जो गुरु की भक्ति करते हैं वे एक क्षण में संसार सागर से पार हो जाते हैं।

गुरु पूर्व पर आश्रम में आए श्रद्धालुओं को प्रवचन देते महाराज ने कहा कि गुरु की महिमा अपार है और उसका वर्णन नहीं किया जा सकता। गुरु आपके रुपये-पैसे के भूखे नहीं होते। जो समझदार हैं वे धन को गुरु की सेवा में खर्च करके अपना काम बना लेते हैं। संत ने बताया कि जब साधना के समय आपकी सूरत ऊपर चढ़ जाएगी तो आप गुरु को वहां देखोगे।

संत ने कहा कि जब व्यक्ति बूढ़ा हो जाता है तब उसकी हालत बूढे़ बैल की तरह हो जाती है। जैसे बूढ़े बैल को कोई नहीं बांधता वैसे ही आपकी दशा हो जाती है। तब मालूम होता है समय का महत्व, लेकिन तब-तक समय निकल चुका होता है। इसलिये जवानी में ही सब काम कर लो कल्याण होगा। उन्होंने बताया यह तन दुर्लभ है। इसका भगवान के भजन के लिए सदुपयोग कर लो।



जयगुरुदेव मन्दिर (hi.brajdiscovery.org)

बाबा जय गुरुदेव का वास्तविक नाम तुलसीदास है। उनके गुरु श्री घूरेलाल जी थे जो अलीगढ़ के चिरौली ग्राम (इगलास तहसील) के निवासी थे। उन्हीं के पास बाबा वर्षों रहे। उनके गुरु जी ने उनसे मथुरा में किसी एकांत स्थान पर अपना आश्रम बनाकर ग़रीबों की सेवा करने के लिए कहा था। अतः जब उनके गुरु जी का सन 1948 की अगहन सुदी दशमी को शरीर नहीं रहा, तब उन्होंने अपने गुरु स्थान चिरौली के नाम पर सन 1953 में मथुरा के कृष्णा नगर में चिरौली संत आश्रम की स्थापना करके अपने मिशन की शुरुआत की। बाद में बाबा जय गुरुदेव ने सन 1962 में मथुरा में ही आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर स्थित मधुवन क्षेत्र में डेढ़ सौ एकड़ भूमि ख़रीदकर अपने मिशन को और अधिक विस्तार दिया। बाबा जय गुरुदेव अपने प्रत्येक कार्य में अपने गुरुदेव का स्मरण कर जय गुरुदेव का उद्घोष करते हैं इसलिए वह बाबा जय गुरुदेव के नाम से प्रसिद्ध हो गये। उन्हें उनके वास्तविक नाम तुलसीदास के नाम से बहुत कम व्यक्ति जानते हैं।



जंक्शन पर बढ़ने लगी श्रद्धालुओं की भीड़


मथुरा (DJ 2010.07.24)। मुडिया पूर्णिमा व बाबा जय गुरुदेव मेला में देश भर सेश्रद्धालुओं की भीड़ का आना शुरु हो गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये रेलवे प्रशासन जुटा हुआ है।

गुरुवार को मुड़िया व बाबा जयगुरुदेव के आश्रम पर श्रद्धालुओं को आने का क्रम शुरु हो गया है। जंक्शन पर प्रात: से ही भीड़ का जमावड़ा होने लगा है। यहां से काफी लोग गिर्राज महाराज की परिक्रमा लगाने को जा रहे है वहीं बाबा के काफी अनुयायियों की भीड का जंक्शन पर जमावड़ा शुरु हो गया है। सुरक्षा के लिये आरपीएफ-जीआरपी जुटी हुई है। आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट आगरा ने मथुरा जंक्शन व गोवर्धन में मेला में भाग लेने आने वाली भीड़ की जानकारी कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखते हुए अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।


श्रीवृन्दावन-महिमामृतं २.६४-६६


Gopinath Dasji.

उत्तुङ्गानङ्गरङ्गव्यतिकररुचिराभङ्गसङ्गीतरङ्गै
रङ्गैस्तारुण्यभङ्गीभरमधुरचमत्कारिरोचिस्तरङ्गैः ।
अत्यन्तान्योन्यासाक्त्या निमिषममिलनादार्तिमूर्ती भवन्तौ
तौ वृन्दारण्यवीथ्यां भज भरितरसौ दम्पती गौरनीलौ ॥

उद्दाम अनङ्ग रङ्ग रस के कारण सम्प्रज्ञात मिलन में मनोरम, अविच्छिन्न विविध नृत्य गीतादि के द्वारा एवं यौवन रस के नाना विध मधुर तथा चमत्कारकारी दीप्ति लावण्य के द्वारा आपस में अतिशय आसक्ति के कारण निमिष मात्र के विरह से भी आर्ति मूर्ति धारण करने वाले पूर्ण रस स्वरूप गौर श्याम युगल का श्रीवृन्दावन की गलियों में भजन कर ॥२.६४॥






नश्वरसुतधनजायादिषु हरिमायासयेषु न प्रयासम् ।
कुरु पुरुषार्थशिरोमणिमाचिनु वृन्दावने स्वयं पतितम् ॥

नश्वर सुत, धन तथा स्त्री आदि श्रीहरि की मायामय वस्तुओं के लिये यत्न न कर, श्रीवृन्दावन में स्वयं पड़े हुए पुरुषार्थ शिरोमणि का चयन कर ॥२.६५॥





वृन्दावने तरुमूले कूले श्रीमत्कलिन्दनन्दिन्याः ।
भज रतिकेलिसतृष्णौ राधाकृष्णौ तदेकभावेन ॥

श्रीवृन्दावन में श्रीमत् कलिन्दनन्दिनी श्रीयमुना के तीर पर वृक्ष के नीचे रति केलि तृष्णा शील श्रीराधा-कृष्ण का अनन्य भाव से भजन कर ॥२.६६॥


2010-07-23 ब्रज का समाचार

गुरुओं को भाया राम-नामी दुपट्टा


मथुरा (DJ 2010.07.22)। गुरु पूर्णिमा पर इस बार गुरुओं को राम-नामी दुपट्टा रिझायेगा। बाजार में इसकी जबरदस्त मांग बढ़ने लगी है। राम-नाम के चोले से होगा चेलों का उद्धार।
वैसे तो सुख, शांति, अमन-चैन और निर्मल काया को चेले अपने-अपने तरीकों से गुरुओं को मनाते हैं। गुरु पूर्णिमा के दिन अलग-अलग तरीकों से पूजा करते हैं। गुरु को भेंट करने के लिए कपड़े, मेवा, फल मिठाई और फूल माला, चमेली, गुलाब, रजनीगंधा सरीखे जैसे इत्र ले जाते हैं। इस दिन गुरु को खुश करने के लिए कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहता। लेकिन इस बार बाजार में कुछ और ही हवा है। अबकी बार बाजार गुरुओं को राम-नामी दुपट्टा भेंट करना चाहता है। इसके लिए दुकानदारों ने पहले से ही स्टॉक करना शुरू कर दिया है। क्योंकि दुकानदार सदगुरुओं की आवभगत में कोई कमी नहीं होने देना चाहते।
बताया जाता है पिछली गुरु पूर्णिमा पर चेलों ने गुरुओं को धौती-कुर्ता, बगलबंदी पहनाई। कुछ मॉडर्न शिष्यों ने अपने गुरुओं को शेरवानी तक भेंट की। जो पसंद न होने पर अभी तक रखी हुई हैं। पिछली बार गुरुओं को सबसे ज्यादा कपड़े ही भेंट किए गए।



मुड़िया मेला: 24, 26 को बंद रहेंगे गोवर्धन के स्कूल


मथुरा (DJ 2010.07.22)। गोवर्धन में मुड़िया मेले के दौरान बच्चों के लिए दिक्कतों की आशंका को देखते हुए ब्लाक के परिषदीय स्कूलों को 24 और 26 जुलाई को बंद रखने के निर्देश दिये गये हैं।
इस सम्बंध में गुरुवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल बीएसए राजू राणा से मिला था। प्रतिनिधि मंडल ने स्कूल आने-जाने में छात्र और शिक्षकों को होने वाली दिक्कतें बतायीं। बीएसए श्री राणा ने शिक्षकों की मांग पर 24 और 26 जुलाई तक गोवर्धन ब्लॉक के सभी स्कूलों को बंद करने के आदेश किये हैं। 25 जुलाई को रविवार है।



द्वारिकानाथ मंगल से लेंगे झूले में झोटा


मथुरा (DJ 2010.07.22)। नित्य लीला लीन प्रभु के सांसारिक रीति-रिवाज का पालन कर झूला में झूलने का मौसम मंगल से शुरु जाएगा। भगवान द्वारिकानाथ इसी दिन से भक्तों को झोटा देने और गीत सुनाने का मौका देंगे हैं। मंदिर सेवक 25 को सोने-चांदी के झूलों को तैयार करेंगे। मंदिर के युवराज वागीश कुमार महाराज शुक्रवार को मथुरा पहुंच रहे हैं।

श्रावण माह में महा शिव की पूजा-अर्चना करने की परंपरा है। वहीं खुशनुमा मौसम का आनंद भक्त और भगवान दोनों झूले में झूल कर लेते हैं। मंदिरों और घरों में भी प्रभु को झूला झुलाए जाकर पुण्य कमाना लोक में प्रचलित है। विश्व प्रसिद्ध द्वारिकाधीश मंदिर में प्रति वर्ष भगवान को सोने-चांदी के झूले में झुलाया जाता है। इस बार यह झूला उत्सव मंगलवार से भक्तों के मंगल करने आ रहा है। एक सोने तथा एक चांदी के झूले को रविवार को तैयार किया जाना है। व्यवस्थाओं को जांचने-परखने तथा बड़े मदन मोहन जी मंदिर के शरद बाबा के षटोत्सव में भाग लेने के लिये मंदिर के युवराज गोस्वामी वागीश महाराज शुक्रवार की सुबह मथुरा पहुंच रहे हैं। वापसी 24 को होने की उम्मीद है।

द्वारिकाधीश मंदिर के प्रबंध निरीक्षक दीना नाथ शर्मा के मुताबिक 27 जुलाई को हिंडोला दर्शन आरंभ हो जाएंगे। 2 अगस्त एकादशी को फूलों का हिंडोला, 8 को केसरिया घटा, 10 को अमावस के दिन हरी घटा, 11 को सोसनी घटा, 12 को फल-फूलों का हिंडोला, 13 को आसमानी घटा, 15 को गुलाबी घटा, 17 को लाल घटा, 19 को कला घटा, 21 को लहरिया घटा - 9 हिंडोले, 23 अगस्त को पूर्णिमा के दिन सफेद घटा, 26 को हिंडोला विजय का आनंद बरसेगा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव 2 सितंबर को तथा नंदोत्सव 3 सितंबर को भक्ति-भाव संग मनाए जाएंगे।



जनपद में वायरल व उल्टी दस्त का प्रकोप बढ़ा


मथुरा (DJ 2010.07.22)। मानसूनी बारिश के बाद अब वायरल समेत कई बीमारियां सेहत के लिये खतरा बन गई हैं। यही वजह कि इस समय अस्पतालों में रोगियों की संख्या बढ़ी है। कभी बारिश तो कभी धूप, जगह-जगह जलभराव और हवा में आ‌र्द्रता बढ़ने की वजह से इस समय तमाम तरह की बीमारिया परेशान कर रही हैं। वायरल के प्रकोप में तेजी आने के साथ-साथ उल्टी-दस्त के रोगी बहुतायत की संख्या में सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। दूषित पानी पीने से पीलिया रोग के रोगी भी आ रहे हैं। जिला अस्पताल का मेडिकल और फीमेल वार्ड वायरल और उल्टी-दस्त के रोगियों से भरा पड़ा है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. पीपी पाठक और फिजीशियन डॉ. एके सचदेवा के अनुसार, उनके पास इलाज के लिये आने वाले रोगियों में खासी-जुकाम और बुखार तथा उल्टी-दस्त से पीड़ितों की संख्या अधिक है। इन दोनों चिकित्सकों के अनुसार वायरल का प्रकोप अभी और परेशान कर सकता है। त्वचा एवं चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ.सुरेंद्र सिंह का कहना है कि ह्यूमिनीडिटी आदि की वजह से फोड़ा-फुंसी और दाद-खाज के रोगियों की संख्या अन्य दिनों की तरह बढ़ी है।


Thursday, July 22, 2010

श्रीवृन्दावन-महिमामृतं २.६१-६३

Photo by Gopinath Dasji.


अहो श्यामं प्रेमप्रसरविकलं गद्गदगिरा
सरोमाञ्चं सास्रं समनुन्यदालीः प्रियतमा ।
पदं वेण्या वध्वा क्षणमहह संप्रेष्य दयितं
क्वचिद्वृन्दारण्ये जयति मम तज्जीवनमहः ॥
अहो ! किसी समय प्रबल विरहावस्था में श्रीमती प्रेमातिशय्य के कारण व्याकुल होकर गद्गद वाणी से पुलकित एवं अश्रु पूर्ण लोचन युक्त हो अपनी प्रियतम सखियों को अनुनय विनय करके प्रिय श्यामसुन्दर के पास भेज कर थोड़े समय तक तीव्र असहिष्णुता के कारण वेणी से अपने चरणों को बान्धती हैं, मेरी जीवन स्वरूप श्रीराधा श्रीवृन्दावन में सर्वोत्कर्ष युक्त विराजमान हैं ॥२.६१॥



नोवोद्यत्कैशोरं नवनवमहाप्रेमविकलं
नवानङ्गक्षोभात्तरलतरलं नव्यललितम् ।
नवीनादृष्ट्यङ्गोक्तिषु मधुरभङ्गीर्दधदहो
महो गौरश्यामं स्मरत नवकुञ्जे तदुभयम् ॥
नव किशोर अवस्था प्राप्त, नव नव महा प्रेम के वशीभूत, नव काम क्षोभ से अत्यन्त चञ्चल, नव ललित दृष्टि में, अङ्गों में तथा बोलिन में नवीन मधुर धारण करने वाले, नवीन कुञ्जों में उन गौर श्याम ज्योति श्री युगल किशोर को स्मरण कर ॥२.६२॥



मिथो न्यस्तप्राणं कथमपि न हि स्नानशयना
शनादौ विच्छिन्नं गुरुभिरनुरागैर्नवनवैः ।
सदा खेलद्वृन्दावननवनिकुञ्जावलिषु तद्
भजे गौरश्यामं मधुरमधुरं धामयुगलम् ॥
सम्प्रज्ञात न्यस्त प्राण, स्नान, भोजन, एवं शयनादि में भी सर्वदा अविच्छिन्न, नव नव प्रचुर अनुराग वश श्रीवृन्दावन के नव नव निकुञ्जों में सदा खेलन परायण उन मधुर मधुर गौर श्यामाकृति श्री युगल किशोर का भजन कर ॥२.६३॥


Wednesday, July 21, 2010

वृन्दावन को पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया जाय

वृन्दावन (वृन्दावन इन्साफ, आचार्य नरेश नारायण) व्रज वृन्दावन धरोहर परिसङ्घ की एक बैठक किशोर वन में प्रभागीय वन निदेशक डा. के. एल. मीणा की अध्यक्षता में आयोजित की गयी । बैठक को सम्बोधित करते हुए श्रीविनायक सेवा समिति के अध्यक्ष आचार्य नरेश नारायण जी ने मांग की कि वृन्दावन को केन्द्र रखेते हुए सम्पूर्ण व्रज प्रदेश को पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र घोषित करना चाहिए । उन्होंने कहा कि इसके लिए परिसङ्घ के सदस्य अतिशीघ्र पर्यावरण मन्त्री जयराम रमेश से मुकाकात कर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगा ।

वृन्दावन बन्धु के निदेशक जगन्नाथ पोद्दार ने कहा कि सम्पूर्ण ब्रज प्रदेश के पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र घोषित होने से ब्रज की पहाड़ियां अवैध खनन से बच पायेंगी तथा हरे वृक्ष नहीं कट पायेंगे ।

श्रीमती मञ्जु शर्मा ने कहा कि वृन्दावन में बन्दरों के प्रकोप से यहां की अरितिमा नष्ट हो रहा है । अधिवक्ता प्रतिभा शर्मा एवं कन्हैया गुप्ता ने कहा कि बन्दरों की जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है तथा वे दिन प्रतिदिन हिंसक होते जा रहे हैं । राम नारायण ब्रजवासी ने कहा कि वृन्दावन में बन्दरों के आतंक से आम जनमानस त्रस्त है । डा. चन्द्रप्रकाश शर्मा ने कहा कि वन विभाग को कोई ऐसी कार्य योजना तैयार करनी चाहिए जिससे बन्दरों की जनसंक्या पर रोक लगे तथा इन्हें दूर जंगलों मे छुड़वाया जा सके ।

किशोर वन के सेवायत श्री गोविन्द किशोर गोस्वामी ने कहा कि किशोर वन निधिवन एवं सेवा कुंज की तरह ही राधा-कृष्ण की लीला स्थली है । इसको संरक्षित करने के लिएय् वन विभाग ब्रज वृन्दावन धरोहर परिसङ्घ की सहायता करें । प. सुरेश चन्द्र शर्मा ने कहा कि किशोर वन के साथ साथ वृन्दावन के सभी देवालयों के बाग बगीचों में सघन वृक्षारोपण किया जाये ।

कार्य क्रम को सम्बोधित करते हुए प्रबागीय वन निदेशक डा. के.एल. मीणा ने कहा कि किशोर वन में जितनी भी वृक्षों की आवश्यकता होगी वनविभाग उपलब्ध करायेगा । उन्होंने पारम्परिक वृक्षों को वन विभाग किशोर वन एवं वंशीवट के लिये उपलब्ध करायेगी । इनकी सुरक्षा एवं देख रेख की व्यवस्था परिसङ्घ को करना होगा ।

इस अवसर पर सुशील चन्द्र शर्मा, गोविन्द महन्त (वंशीवट), बालकृष्ण गौतम, श्यामलाल शर्मा, घनश्याम किशोर गोस्वामी, इन्द्र प्रकाश पाहुजा, अंकित अग्रवाल, आचार्य ब्रजमोहन खाण्डल, कृष्ण गोपाल गुप्ता (पत्रकार), रवीन्द्र कुलश्रेष्ठ, अभिषेक आदि मौजुद थे । संचाल परिसङ्ग के संयोजक मधुमंगल शुक्ला द्वारा किया गया ।



श्रीधाम वृन्दावन के आतंकवादी बन्दर, जनता बेहद परेशान


वृन्दावन (मिली भारद्वाज) ॒ देश के अन्य शहरों में कहीं आतंकवादी तो कहीं माओवादियों की वजह से लोग परेशान हैं, परंतु भगवान् श्री-कृष्ण की नगरी में वृन्दावन वासी और दर्शनार्थी बन्दरों के आतंक से बेहद परेशान है । ये बन्दर दर्शनार्थियों के चश्मे और पर्श हाथ से छीन कर ले जाते हैं और दर्शनार्थी परेशान हो जाता है । जिसे आंखों से कम दीखता हो, उसका चश्मा बन्दर ले जाये और जिसके पर्श में धन व आवश्यक कागजात् हों, उसे बन्दर ले जाये तो सोचिये उसकी क्या स्थिति होगी ? आप कल्पना कर सकते हैं ।

नगर की स्थिति है कि आप बिना थैला के कोई सामान नहीं ला सकते । खुलेआम सामान ला रहे हैं और कौकन्ना हईं हैं तो आपके हाथ से सामान चला जाएगा, आप देखाते रह जाएंगे । कभी कभी तो थैला में से भी जबरन सामान ले लेते हैं । अगर आप निहत्ते हैं तो बन्दर आप पर वार भी कर सकता है ।

इतना ही नही बन्दर घरों में जबरन सामान ले जाते हैं । आप छतों पर सो नही सकते । सोते हुए को चुटैल कर जाते हैं । प्रत्येक गर्मी में बन्दरों के आतंक से छतों से कई लोग गिरकर मर जाते हैं । घायल तो रजाना होते रहते हैं ।

अभी हाल की घटना है कि चीरघाट पर वृन्दावन के प्रसिद्ध श्रीश्यामविहारी शर्मा सपत्नी दर्शनार्थ गये । बन्दर पत्नी के पैर से जबरन चप्पल निकाल कर ले गया, वह गिर पड़ी और चुटैल हो गयीं । इसी प्रकार हमारी माताजी बाहर खर्डी गाय को केख रही थी किं एक बन्दर आया और माताजी को कर्म के नीचे खोंचा मार गया, वह गिरने से बाल बाल बचीं । इसी प्रकार बन्दर स्कूल जानेवाले छोटे बच्चों को भी छेड़ते हैं, खा जाते हैं, गिरा देते हैं ।

बन्दरों का आतंक दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है । हर आम आदमी चाहे वह वृन्दावनवासी हो या दर्शनार्थी हो, सभी दुःखी हैं । इनको यथा शीघ्र पकड़वाने की व्यवस्था की जानी चाहिये । बन्दरों की बढ़ती जनसंख्या एक समस्या बन सकती है । अतः इनको पकड़वाना अत्यन्त जरूरी है । तभी कुछ राहत की सांस मिल सकती है ॥



वृन्दावन की स्थिति बड़ी खराब, है कोई देखने वाला


उत्तराखण्ड में हरिद्वार का दर्शन कर मन प्रफुल्लित हो उठता है । चारों ओर हरियाली तथा वर्षा होने के बाद भी कोई गंदगी नहिं, सर्वत्र स्वच्छ वातावरण । इसी कारण हरिद्वार में हमेशा भीड़ बनी रहती है । सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं । अधिक लूट-खसौट भी नहीं है । हरिद्वार में केवल मां गङ्गा केनाम पर ही दर्शनार्थी आती हैं और आनन्द की अनुभूति करता है ।

उत्तर प्रदेश स्थिति विश्व प्रसिद्ध श्रीधाम को देख लें, जहां भगवान् श्री-कृष्ण ने स्वयं लीलाएं की हैं, अनेकों मन्दिर हैं, यमुनाजी हैं, चौबीस घण्टे भजन, कीर्तन, पूजा-पाठ, अनुष्थान आदि कुछ-न-कुछ होता रहता है । ऐसे पवित्र श्रीधाम वृन्दावन की क्या दुर्दशा है, इसका वर्णन कर्ने से काफी कष्ट होता है । यहां की सभी व्यवस्थायें यहां के निवासी, नेता, व्यापारी प्रायः सभी बड़े उदासीन और लापरवाही के कारण बड़ी दयनीय स्थिति है ।

वृन्दावन में सर्वत्र कोच-खच्चड़ पानि भराव के साथ, बन्दर, कुत्ता, सुअरों के कारण राह चलना दुश्वार है । वृन्दावन वन नाम से है, हरियाली आपको देखने के लिए बड़ी मेहनत करनी पड़ेगी । तब कहीं हरियाली देख सकेंगे । पेयजल का संकट प्रदूषण युक्त जल से वृन्दावनवासी रोग ग्रस्त हैं । फल, सब्जी, सब महंगे हैं । कहने का तात्पर्य यह है कि यहां सब कुछ महंग और प्रदूषण युक्त है । इतनी अव्यवस्थाओं के बावजूद श्रीधाम वृन्दावन का नाम विश्व प्रसिद्ध है । इतनी असुविधाओं के होते, वृन्दावन की महिमा अपरम्पार है । यह सब राधारानी की कृपा का ही चमत्कार है । इन सब अव्यवस्थाओं को दूर करने वाला है कोई भाई का लाल ।


2010-07-22 ब्रज का समाचार

गोवर्धन: मुड़िया मेले में अव्यवस्थाओं पर डीएम नाराज


गोवर्धन (DJ 2010.07.21)। गोवर्धन मुड़िया मेले में अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने भी स्पष्ट कर दिया है कि पीडब्लूडी कर्मियों की लापरवाही की वजह से कोई अप्रिय घटना घटने पर विभाग के अफसर ही जिम्मेदार होंगे। डीएम श्री शुक्ल ने मंगलवार-बुधवार की रात को पैदल ही परिक्रमा मार्ग और गोवर्धन कस्बे का भ्रमण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग द्वारा कराये जा रहे कई कार्य अधूरे मिले।

पीडब्लूडी अफसरों ने संपर्क मागरें की मरम्मत, रखरखाव व सुरक्षा की दृष्टि से बेरिकेडिंग आदि कार्यो को 19 जुलाई तक पूरा कराने का आश्वासन दिया था, जबकि ये कार्य अब तक अधूरे हैं। खराब सफाई व्यवस्था की वजह से गोवर्धन बस स्टैंड, मानसी गंगा व दानघाटी मंदिर आदि स्थानों पर जलभराव और कूड़े के ढेर मिले। सफाई कर्मी केवल औपचारिकता का निर्वाह करते दिखे। गंदगी वाले स्थानों पर नगर पंचायत गोवर्धन और जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा लगाये गये सफाई कर्मी कार्य करते नजर नहीं आये।


गोवर्धन में अव्यवस्थाओं से आहत श्रद्धालु


गोवर्धन (DJ 2010.07.21)। आधी अधूरी व्यवस्थाओं के सहारे गिरिराज धाम में प्रख्यात मुड़िया पूर्णिमा मेला शुरू हो गया। अव्यवस्थाओं के चलते मेले में आने वाले तमाम श्रद्धालुओं की श्रद्धा और गिट्टियों से पांव आहत होना तय है। जरा सी बरसात प्रशासन के हाथ पैर फुला रही है।

गिरिराज महाराज की नगरी का मुड़िया पूर्णिमा मेला शुरू हो गया। सूरज ढलने के बाद ही भीड़ गोवर्धन पहुंचने लगी। परिक्रमार्थियों की भीड़ बढ़ गयी। राजस्थान के डीग रोड और मथुरा रोड से सर्वाधिक भीड़ गोवर्धन आई। जबकि सौंख मार्ग और बरसाना मार्ग से कम ही श्रद्धालु गोवर्धन आए। हालांकि शाम को मौसम सुहावना था।

बारिश ने परिक्रमा मार्ग में जलभराव बना दिया। दंडवती के साथ भीड़ ने कई स्थानों से परिक्रमा उठाई। परिक्रमा देने आए श्रद्धालुओं ने बताया कि गोवर्धन को जोड़ने वाले रास्तों को ठीक नहीं कराया गया है। कई जगह गड्ढों में रेत भर दिया गया है। परिक्रमा मार्ग में बिखरी पड़ी गिट्टियों को भी नहीं हटाया गया है। यही बारीक गिट्टी श्रद्धालुओं के पांवों को घायल करने का काम करेंगी।

मेला के दौरान चौबीस घंटे बिजली की आपूर्ति दिए जाने के विद्युत निगम के दावे की पहले दिन ही हवा निकलती नजर आई।



डग्गेमार वाहनों के धुएं में उड़ रहे आदेश


गोवर्धन (DJ 2010.07.21)। गोवर्धन गुरू पूर्णिमा मेला शुरू होने के बाद भी डग्गेमार वाहन अधिकारियों के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। यहां प्राइवेट वाहनों का बोलबाला है परिक्रमार्थी श्रद्धालु वाहनों की छतों पर सफर करने को मजबूर हैं।

बता दें कि मुड़िया पूर्णिमा की तैयारियां के दौरान जनपद के आलाधिकारियों द्वारा डग्गेमार प्राइवेट वाहनों पर प्रतिबन्ध सहित यात्रियों को वाहनों की छत पर सफर न करने के निर्देश दिये थे। उप्र परिवहन निगम ने भी 1000 बसें यात्रियों को लाने ले जाने के लिए तैयार कर ली हैं। मगर मंगलवार से प्रारम्भ हो चुके राजकीय मेले में बुधवार सायं तक प्राइवेट डग्गेमार वाहन बेखौफ दौड़ रहे थे। इतना ही नहीं मेले के दौरान बसों की छतों पर यात्रियों को सफर करने से रोकने के लिए 8 सिपाहियों की 8 टीमें लगाने की घोषणा पर भी अमल होता नहीं देखा गया तथा कहीं भी पैट्रोलिंग टीमें नहीं दिखी।



मुड़िया पूनो तक शासन ने वीआईपी, वीवीआईपी से हाथ जोड़े


गोवर्धन (DJ 2010.07.21)। मुड़िया पूनो पर्व पर श्रद्घालुओं के सैलाब के आगे शासन और प्रशासन ने वीआईपी और वीवीआईपी से हाथ जोड़ लिये हैं। 27 जुलाई तक चलने वाले इस आयोजन की व्यवस्थाओं में व्यस्त अधिकारियों ने अनुरोध किया है कि इस तारीख तक कोई भी वीआईपी और वीवीआईपी के प्रोग्राम न बनाये जायें। क्योंकि मथुरा आगमन पर इनके लिए आतिथ्य और सुरक्षा का इंतजाम कर पाना सम्भव नहीं हो पायेगा।

गोवर्धन में मेले की शुरूआत होने के साथ ही स्थानीय और बाहरी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस मेले में पचास लाख से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ेगी। मेले की व्यवस्था को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन के अफसर हलकान हैं। इस परिस्थिति में यहां यूपी व देश के विभिन्न स्थानों से लाव-लश्कर के साथ आने वाले विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्तियों की यहां आवाजाही अफसरों के लिये और परेशानी की वजह बन जाती।

जिला प्रशासन की ओर से शासन को पत्र भेजकर मुड़िया पूनो मेला अवधि के दौरान मथुरा में ऐसे व्यक्तियों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया गया था। शासन ने इसे मान लिया है। प्रदेश शासन के सचिव प्रोटोकाल नवनीत सहगल ने भारत सरकार के कैबिनेट सेक्रेट्री, सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल, सभी राज्यों के राज्यपालों के एडीसी आदि को पत्र भेजकर स्पष्ट कर दिया है कि मुड़िया पूनों मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की वजह से विशिष्ट और अतिविशिष्ट व्यक्तियों को ठहराने और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने समेत जिला व पुलिस प्रशासन के सामने तरह-तरह की कठिनाइयां आएंगी। ऐसे में प्रोटोकाल का पालन करना अफसरों के लिये मुश्किल भरा कार्य होगा।



कनेर, गेंदा, गुलाब व रायरेल से महका द्वारिकाधीश मंदिर


मथुरा (DJ 2010.07.21)। राजाधिराज भगवान द्वारिकाधीश का मंदिर बुधवार को गेंदा, गुलाब, कुंज, रायरेल सरीखे अनेक सुगंधित पुष्पों से महक उठा। नफीरी, बैंडवाजों की मधुर ध्वनि तथा प्रभु को रिझाने वाले भजनों की स्वर लहरियों से वातावरण चहकता रहा। इस दौरान भक्त समुदाय का तन-मन आनंद रस से खूब सराबोर हुआ।

बाबा भोले नाथ को प्रिय श्रावण मास एवं चातुर्मास से पूर्व हुये पुष्प बंगला सजाने का आयोजन प्रसिद्ध उद्यमी महेश पाठक ने किया। पूर्व घोषित मनोरथ को मोहक बनाने के लिये विभिन्न प्रकार के पुष्प दिल्ली से मंगाए गये। मंदिर के साथ इसके सभी द्वारों को बहु विधि सजाया गया। मंदिर का श्रंगार और सूर्यास्त के बाद रोशनी से जगमग श्रद्धालुओं को सम्मोहित करते रहे। मुखिया विनोद शंकर के नेतृत्व में भक्त दल द्वारा किया गया प्रभु एवं माता का श्रंगार को निहारने के लिये स्थानीय के साथ परदेशी यात्री भी भारी संख्या में मौजूद रहे।



अवध से मथुरा पहुंचा सोशल वर्कर दल


मथुरा (DJ 2010.07.21)। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की जन्म भूमि से सोशल वर्क का अध्ययन करने के लिये एक दल प्रभु कृष्ण की नगरी में आ पहुंचा। इसमें शामिल युवाओं ने कालिंदी एवं शहर की दशा देखी और मंदिरों में दर्शन कर पुण्य कमाया। भगवान के नगर की दुर्दशा से युवा दिल बहुत दु:खी होता रहा।

डा. राम मनोहर लोहिया अवध विश्व विद्यालय में मास्टर आफ सोशल वर्क में अध्ययन कर रहे हैं। जगह-जगह का जमीनी ज्ञान प्राप्त करने के लिये वहां से 52 सदस्यीय युवा दल ने मथुरा-वृंदावन का भ्रमण किया। इनमें से छह सदस्यों संत कुमार सिंह, अमित सिंह, संदीप शुक्ला, दिनेश तिवारी एवं राज कुमार ने जन शिक्षण संस्थान प्रथम के कृष्णापुरी स्थित अध्ययन केंद्र का दौरा किया। यहां मौजूद प्रशिक्षार्थी बालिकाओं को ज्ञान बांटा तथा संस्थान को जरूरी सुझाव दिये।



नहीं भरे गये तीन सौ तालाब


मथुरा (DJ 2010.07.21)। गर्मियों में हर साल गांवों में लोगों के साथ ही पशुओं के पीने के पानी के लिए की जाने वाली कवायद रस्म अदायगी होती है, यह जनपद में मानसून आने तक तीन सौ एक तालाब सूखे रह जाने में दिखाई दे रहा है। भू-गर्भ जल स्तर लगातार नीचे खिसकने से 1200 कुओं का पानी भी सूख गया है।

इन गर्मियों में प्रशासन का सारा जोर ग्रामीण क्षेत्र में स्थाई एवं अस्थाई रूप से खराब हैण्डपम्पों की दुरुस्ती पर रहा। इसके बेहतर नतीजे भी सामने आए। हर साल की भांति सिंचाई विभाग ने नहर-रजवाहों से गांवों के तालाब भरे जाने में कोताही दिखाई। कहा जा सकता है कि ग्राम प्रधान भी इस मामले में उनसे पीछे नहीं रहे। सिंचाई विभाग के इस संबंध में दावों की पोल जिला स्तरीय अधिकारियों के निरीक्षण में तो खुल ही गई थी। अब जिला पंचायत राज विभाग के आंकड़ों ने भी इसकी पुष्टि कर दी है।

विभाग से अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को भेजी साप्ताहिक सूखा रिपोर्ट में बताया गया है कि मौजूदा समय देहात में कुल 1290 तालाबों में से तीन सौ एक तालाब सूखे पड़े हैं। कुंओं की स्थिति और भी खराब है। जनपद के गांवों में 2053 कुंओं में से मात्र 826 कुंओं में ही पानी है, शेष सूखे पड़े हैं।



जल भराव: कुछ तो सुधरे हालात


मथुरा। एक घंटे की बारिश के दौरान जगह-जगह जलभराव तो हुआ, पर उसकी ताकत अब कमजोर पड़ गयी है। कुछ अतिक्रमण हटाने के बाद हुई नाला सफाई ने बुधवार की बारिश पर अपना असर दिखाया।

बुधवार की सायं में एक घंटे जोरदार बारिश हुई, इससे जगह-जगह जलभराव तो हुआ, पर यह ज्यादा देर तक बना नहीं रह सका। नए बस स्टेंड, भूतेश्वर और कैंट रेलवे पुलिया आदि के नीचे भरा पानी जल्दी ही निकल गया। इसी तरह होली गेट पर बारिश के दौरान एक साइड पर पानी भर गया, लेकिन यह भी थोड़ी ही देर में निकल गया। इससे उन दुकानदारों को राहत मिली, जो नालियां अवरुद्ध होने के कारण होने वाले जलभराव से अब तक परेशान थे।

लेकिन बाहरी कालोनियों में जलभराव पर कोई असर नहीं पड़ा। यह कई घंटे बना रहा और लोगों को अपने घर से बाहर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बता दें कि मुड़िया पूनो का मेला शुरू हो चुका है और पालिका की टीमें नाले-नालियों की सफाई में जुटी हुई हैं। पिछले दिनों लगातार नालों से अतिक्रमण हटाकर सिल्ट निकलवाई गई है। हालांकि यह जरूरत के मुताबिक नहीं हो सका है।

ऐसा भी पहली बार हुआ है, जब जिला प्रशासन ने मुड़िया पूर्णिमा मेला से पहले नगर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान नहीं चलवाया है। इससे पहले महोली रोड, श्री कृष्ण जन्मस्थान समेत कई स्थानों पर मार्ग और नाले साफ कराए जाते रहे हैं। पिछले दिनों में पालिका ने भी अपने ही बूते अतिक्रमण हटवाए हैं, जबकि किसी भी हालात का सामना करने के लिए किसी मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजदूगी में अतिक्रमण हटते रहे हैं।