Friday, August 20, 2010

2010-08-20 ब्रज समाचार

गुरुवार को भूतेश्वर स्थित मंदिर श्री मथुराधीश प्रभु में आयोजित काली घटा के मनोरम दर्शन ।

द्वारिकाधीश में बिजली कड़की, छा गई काली घटा


मथुरा (AU 2010.08.19)। सावन के महीने में प्राचीन राजाधिराज (द्वारिकाधीश) मंदिर में गुरुवार को काली घटा केदर्शन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आसमान पर कड़कती बिजली और काली घटा ने रोमांच पैदा कर दिया। दर्शन खुलने के साथ भक्तों की भीड़ लग गई। यह क्रम देर रात तक चलता रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन व पुलिस का खासी मशक्कत करनी पड़ी।



जन्मस्थान पर काली घटा दर्शन को उमड़े श्रद्घालु


मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान स्थित केशवदेव मंदिर में काली घटा के दर्शन को श्रद्धालु उमड़े। प्रवेश द्वार पर भव्य सज्जा कर काली घटा के दृश्य का निर्माण किया गया था। मंदिर में प्रवेश करते ही चमकती, गरजती बिजली, बरसते हुए मेघ, नृत्य करते मोर, उपवन में चहचहाते पक्षियों के मध्य भगवान श्रीकृष्ण की गिरिराज पर्वत को उठाए हुए झांकी, वन उपवन की सज्जा में विराजे ठाकुर श्री केशवदेवजी के मनोहारी दर्शन करके श्रद्धालु अभिभूत हो उठे। इस प्रसिद्ध काली घटा की सज्जा में जहां प्राकृतिक संपदा लता, पता, पुष्प एवं पत्र आदि का अधिक प्रयोग हुआ, वहीं भगवान श्री केशवदेव जी की पोशाक एवं श्रृंगार भी अधिक दर्शनीय थे।



दिल्ली से अधिकारियों ने आकर निरीक्षण किया


मथुरा (AU 2010.08.19)। कामनवेल्थ गेम्स के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर आ रही क्वींस बैटन रिले के स्वागत कोलेकर दिल्ली के अधिकारियों की टीम ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। बैटन रिले के स्वागत में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली। कोआर्डिनेटर ने खिलाड़ियों के चयन न होने पर नाराजगी जताई।

क्वींस बैटन रिले के आगरा-मथुरा कार्यक्रम के समन्वयक लॉयड डिसूजा ने स्व. मोहन पहलवान गणेशरा स्पोर्ट्स स्टेडियम का गुरुवार शाम को निरीक्षण किया। उन्होंने रिले के साथ आने वाले खिलाड़ियों के स्वागत में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया। ट्रैक की स्थिति देखी तथा जिला खेल अधिकारी समरीश सोमाल से बैटन लेकर दौड़ने वाले खिलाड़ियों सहित अन्य के नामों की सूची मांगी।

जिला खेल अधिकारी ने बताया कि अब तक मात्र एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मुख्तयार सिंह का नाम ही उनके पास आया है। कुछ एसोसिएशन ने भी प्रांतीय सचिव के पत्र उपलब्ध नहीं कराए हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए समन्वयक ने जल्द ही खिलाड़ियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। टीम ने सांस्कृतिक आयोजन स्थल का भी निरीक्षण किया। विकास प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे रिनोएशन कार्य की जानकारी ली।



यमुना: खतरे के निशान तक पहुंचा पानी


मथुरा (DJ 2010.08.19)। दिल्ली ओखला बैराज से यमुना नदी में बुधवार की रात छोड़े गए 1.42 लाख क्यूसेक पानी से जल स्तर में वृद्धि हो गई है। इससे यमुना नदी का जलस्तर चेतावनी प्वाइंट तक जा पहुंचा है। नदी के आस-पास के गांवों के लोगों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

यमुना नदी में दिल्ली ओखला बैराज से बुधवार-गुरूवार की रात 1 बजे मथुरा के लिये पानी छोड़ा गया। जो गुरूवार सुबह तक जारी रहा। हालांकि यमुना नदी में पानी धीरे-धीरे छोड़ा गया था। इससे पानी आने से यमुना का जल स्तर तो बढ़ा, लेकिन सीमावर्ती गांवों में यमुना जल से तबाही नहीं हुई। गुरूवार सुबह 9 बजे तक यमुना नदी में 1,42,660 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका था। ताजेवाला बांध से दिल्ली और पानी छोड़ा गया तो उसका मथुरा में असर दिखाई देगा। इसके लिये यमुना नदी के किनारे बसे गांवों के ग्रामीणों को सतर्कता बरतने को कहा गया है।



No comments: