Friday, June 25, 2010

2010-06-26 ब्रज का समाचार

कृष्ण-सुदामा की दोस्ती आदर्श : शास्त्री


मथुरा (DJ 2010.06.26)। नौहझील क्षेत्र के गांव सींगौनी के श्रृंगऋषि आश्रम पर हो रही श्रीमद् भागवत कथा में समापन के दिन कथा व्यास पं. उदय चंद शास्त्री ने सुदामा चरित्र का बड़ा मार्मिक वर्णन किया।

उन्होंने सुदामा और कृष्ण की मित्रता को एक आदर्श मिसाल बताते हुए सुदामा जी के कृष्ण के प्रति निष्कटक भाव को रेखांकित करते हुऐ भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


सींगौनी में आयोजित कथा भागवत के आखिरी दिन व्यास पीठ ने मित्रता का अनूठा वर्णन करते हुए कहा कि मित्रता निष्कपट भाव से और मित्र के प्रति पूर्ण समर्पित होकर निभानी चाहिए।

उन्होंने श्रीकृष्ण सुदामा की आदर्श मित्रता का उदाहरण देते हुए कहा कि भूख वश सुदामा ने श्रीकृष्ण के हिस्से के चावल खा लिये परन्तु भगवान ने बदले में राजपाठ से नवाजा। उन्होंने आगे कहा कि मित्र के आगे कभी भी अपने दुख दर्द को छुपाना नहीं चाहिए। अगर मित्रता के बीच में ऐसे बातें आती हैं तो मित्रता सच्ची नहीं होती। व्यास पीठ सींगौनी के श्रृंग ऋषि आश्रम पर माधव दास बाबा और ग्रामीणों के सहयोग से कथा कर रहे हैं।



कृष्ण की उपासना से मनुष्य की मुक्ति संभव


वृन्दावन (DJ 2010.06.26)। पवित्र श्रीधाम वृन्दावन में भगवान श्री राधाकृष्ण की उपासना से जगत का कल्याण होता है। इस दिव्य स्थान पर आने मात्र से ही जीव के मोक्ष का द्वार स्वत: ही प्रशस्त हो जाता है।

श्रीराम सत्संग समिति के तत्वावधान में केशवधाम के समीप स्थित नवनिर्मित श्रीराम सेवाश्रम के लोकार्पण समारोह में विचार व्यक्त करते हुए गंगा रक्षा मंच के अध्यक्ष महामण्डलेश्वर स्वामी हंसदास महाराज ने कहा कि श्रीधाम वृन्दावन भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली है। यहां भगवान श्रीकृष्ण की उपासना करने से मनुष्य की मुक्ति संभव है।

का‌र्ष्णि गुरुशरणानंद महाराज ने कहा कि इसी स्थान पर भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाओं के माध्यम से जगत का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि समस्त हिंदुओं के हृदय में उनके आराध्य निवास करते हैं, यही कारण है कि हमसभी लोग भगवान से एक क्षण भी दूर नहीं हो सकते।

इससे पूर्व एकादश दिवसीय मंगलमय प्रवेशोत्सव का शुभारम्भ प्रात: फोगला आश्रम से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा से हुआ।



श्रीकृष्ण विष्णु भगवान के साक्षात अवतार थे


वृन्दावन (DJ 2010.06.26)। भगवान श्रीकृष्ण ही एकमात्र ऐसे अवतार हैं जिनकी सुरभि सात समंदर पार संसार के अनेकों देशों तक पहुंच चुकी है। पाश्चात्य संस्कृति की चकाचौंध में डूबे अनेक देशों में भगवान श्रीकृष्ण का कर्मयोगी के रूप में श्रीमद् भागवत गीता के माध्यम से दिया गया संदेश विदेशियों को कृष्ण भक्ति में डुबो रहा है।

वंशीवट स्थित सुदामाकुटी में चल रहे श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ में व्यासपीठ से प्रवचन करते हुए संत नारायण दास महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण, विष्णु भगवान के साक्षात अवतार थे। उनकी प्रत्येक लीला में एक सार्थक संदेश अर्न्त निहित था। भगवान श्रीकृष्ण के सरल, निश्छल और अनुरागमय व्यक्तित्व ने जन-जन को मोहा है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन की सबसे प्रमुख विशेषता यह है कि कोटि-कोटि भारतीय व विदेशी भक्तजन उनकी अनुरक्ति में विरक्ति और विरक्ति में अनुरक्ति का शाश्वत सुख प्राप्त कर रहे हैं। इससे पूर्व श्रीमद्भागवत के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कथा व्यास द्वारा श्रद्धालुओं को वस्त्र, फल, मिष्ठान, खिलौने इत्यादि लुटाये गये।



तालमेल के अभाव में टला अतिक्रमण विरोधी अभियान


मथुरा (DJ 2010.06.26)। कोसीकलां नगर में बहुप्रतिक्षित अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए पूरे जोर शोर से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कार्यवाहियां की गयी। पालिका कर्मचारियों सहित तमाम पुलिस एवं पीएसी बल के जवान पूरे दिन अभियान चलने के इंतजार में अधिकारियों के आदेश का इंतजार करते रहे। लेकिन पालिका एवं प्रशासनिक अधिकारियों में तालमेल न होने के कारण एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान टल गया।

गुरुवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नगर पालिका परिषद द्वारा नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाना था। इसके लिए पूर्वान्ह ग्यारह बजे तक थाना परिसर में सर्किल फोर्स सहित पीएसी के जवान भी पहुंच गये। जैसे-जैसे समय बढ़ता गया पालिका अधिकारी एवं कर्मचारी भी जेसीबी मशीन लेकर थाना के समीप आ डटे।

अब इंतजार था तो बस प्रशासनिक अधिकारियों का। घंटों इंतजार के बाद भी जब कोई भी प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा। तो अधिशासी अधिकारी डीके श्रीवास्तव ने कोतवाल ओंकार सिंह से इस सम्बन्ध में वार्ता की। जिस पर उन्होने बिना प्रशासनिक अधिकारियों के अतिक्रमण हटाओ अभियान के साथ चलने से इंकार कर दिया बताया तथा प्रशासनिक अधिकारियों के इंतजार की बात कही। दोपहर करीब ढाई बजे तक जब कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा तो अतिक्रमण हटाओ अभियान को एक बार फिर टाल दिया गया।

उपजिलाधिकारी छाता राजपाल सिंह ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत थाना में 18 सव इंसपेक्टर, महिला पुलिस, पीएसी प्लाटून एवं सर्किल फोर्स को अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए भेज दिया था। इसके लिए सीओ छाता बाबूलाल आर्य सहित वे स्वयं भी थाना जा पहुंचे लेकिन नगर पालिका अधिशासी अधिकारी के न पहुंचने पर कोई भी कार्यवाही नहीं हो सकी।



प्रभु द्वारिकानाथ का यमुना जल से हुआ ज्येष्ठाभिषेक


मथुरा (DJ 2010.06.26)। भगवान राजाधिराज ने शुक्रवार को कालिंदी के जल से स्नान किया। विद्वानों ने मंत्रोच्चारण के मध्य मंगल कलशों से धारा बहा कर प्रभु को शीतलता प्रदान की। मनमोहक वस्त्र एवं स्वर्ण-रजत आभूषण से श्रंगार किया गया। इस दौरान मंदिर में इत्र की सुगंध से वातावरण महकता रहा।

ग्रीष्म ऋतु में प्रभु का ज्येष्ठ मास में यमुना जल से विशेष अभिषेक तथा श्रंगार करने की परंपरा है। पुष्टि मार्गीय सेवक समाज ने इस प्राचीन परंपरा को आगे बढ़ाते हुये अपूर्व भक्ति एवं श्रद्धा के साथ द्वारिकाधीश का अभिषेक किया। ब्रह्मा मुहूर्त में सेवक दल ग्यारह मंगल कलशों को कालिंदी के प्राचीन विश्राम घाट से भर कर लाए। मंदिर के भक्त समाज ने मंगला आरती के बाद विधि पूर्वक जल से स्नान कराया।

इस दौरान विद्वत समाज मंत्रों का उच्चारण करता रहा। प्रभु के स्नान के बाद भक्तों ने ऋतु के मुताबिक सुंदर एवं मोहक परिधान तथा आभूषण धारण कराए। इस दौरान इत्र, फुलेल तथा पुष्पों की मनभावन सुगंध वातावरण को सम्मोहित करती रही। सुबह 6 बजे से चला यह धार्मिक आयोजन मध्यान्ह शयन के समय तक दर्शकों का मन मोहित करता रहा।

सांध्य समय में इस मोहिनी छवि का दीदार करने के लिये देश-प्रदेश के सुदूर स्थानों से श्रद्धालु यहां पहुंचे। प्रभु के शयन के लिये जाने तक स्थानीय एवं परदेशी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं ने मंगल गायन तथा सस्वर आरती प्रस्तुत कर प्रांगण को प्रेम ध्वनि से मुग्ध किया।



पापा! मैं भी हैलीकॉप्टर से दुल्हन लाऊंगा


मथुरा (DJ 2010.06.26)। गोवर्धन में हैलीकॉप्टर से राजकुमारी अपने 'राजा' संग ससुराल में क्या आई, शादी योग्य युवा दिल भी उड़नखटोला से हमसफर को लाने का ख्वाब पालने लगे हैं। सम्पन्न घरानों की ओर से हैलीकॉप्टर उपलब्ध कराने वाली कम्पनी से पूछताछ की होड़ं सी मच गई है।

इसके लिए नोएडा और दिल्ली और गुड़गांव की कई कम्पनियों से शादी के लिए हैलीकाप्टर लेने के लिए सम्पर्क साधना शुरू कर दिया गया है। वो दिन दूर नहीं, जब शादी की शान में चार चांद लगाने के लिए अब तो कान्हा की नगरी के आसमान में फक-फक करते हैलीकाप्टर नजर आएंगे। ब्रज में इस तरह का नया ट्रेंड बनने जा रहा है।

महज अपने पिता रवि केशोरैया और बाबा स्व. गोपीनाथ के ख्याल को हकीकत में तब्दील करने और अपनी दुल्हन राजकुमारी को ठीक 'राजकुमारी' की तरह शाही अंदाज में डीग के गांव सांवई से हैलीकाप्टर में विदा कर लाने वाले गोवर्धन के तुलसी ने जैसे यूथ बिग्रेड को शादी को यादगार बनाने का नया अंदाज दे दिया है।

गिरिराज धाम की धरती पर तुलसी और राजकुमारी हैलीकाप्टर से उतरे तो देखने वालों का सीना शान से फूल गया। फूलता भी क्यों ना उनका लाल इतिहास जो बना रहा था। तुलसी की मां जमुना देवी अपने बेटे के इस अंदाज से बेहद खुश हैं। लेकिन अब कान्हा की नगरी में यह ट्रेंड बनने जा रहा है।

तमाम लोग अब अपनी खुशियों को हैलीकाप्टर में बैठ कर मनाना चाहते हैं। यही कारण है कि लोग हैलीकाप्टर लाने के लिए तरीके और कौन-कौन सी कम्पनी इसे उपलब्ध कराने के लिए मार्केट में हैं इसका पता लगाने के लिए दिल्ली, नोएडा और गुड़गांव में कम्पनियों से सम्पर्क कर रहे हैं। कई ट्रैवल्स एजेंसियों के आपरेटरों की नजर में मथुरा खास होने जा रहा है।

नोएडा में हैलीकाप्टर मुहैया कराने वाली निजी कम्पनी स्टिक के सीनियर आफीसर कर्नल सूरी ने बताया कि उनसे मथुरा के कई लोग शादी के लिए हैलीकाप्टर बुक कराने के लिए जानकारी कर रहे हैं। उनका कहना था कि यह अच्छा संकेत है कि इसी बहाने एनसीआर की कम्पनियों को ब्रजभूमि से बिजनेस मिलेगा। गाजियाबाद के अनिल शर्मा कहते हैं कि एनसीआर और उसके आसपास तो इस तरह का चलन है लेकिन मथुरा में उन्होंने शादी के मौके पर दुल्हन विदा कराने को पहली बार हैलीकाप्टर यूज देखा है।



भव का अभाव भाव को जागृत करता है : डा. मनोजमोहन


मथुरा (DJ 2010.06.26)। भव का अभाव ही भाव को जागृत करने वाला है। जीवन में भाव का अभाव न रहे यही रामकथा का प्रभाव है। भगवान भव में नहीं अपितु भाव भूमि में उपस्थित रहते हैं।

गांधी मार्ग स्थित श्रीनाथ धाम में आयोजित दिव्य श्रीराम कथा के अवसर पर व्यासपीठ से प्रवचन करते हुए मानस राजहंस डा. मनोज मोहन शास्त्री ने गुरुवार को कहा कि जीवन में समस्या का समाधान मन मुखी ढंग से नहीं होता अपितु गुरु मुखी ढंग से होता है।

उन्होंने कहा कि एकत्रित होने एवं एक होने की परिभाषायें सिद्ध हैं। लोग एकत्रित होते हैं तो हाथ मिलते हैं और एक होते हैं तो हृदय मिलते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में दण्ड (डण्डे) का तो समर्थन है लेकिन उद्दण्ड का नहीं। जो बोध से भरा हो वह क्रोध से भरा नहीं रह सकता।



अयोध्या में ही बनेगा राम मंदिर : हंसदास

साधु-संत नदियों को स्वच्छ बनाने के लिए अग्रसर
हमारे देश की सबसे पवित्र नदी है गंगा
प्रदेशों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए


वृंदावन (अमर उजाला ब्यूरो 2010.06.26) । अखिल भारतीय संत समाज के निदेशक जगद्गुरु हंसदास महाराज ने कहा कि गंगा भारत की पवित्र नदी है। गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए भगीरथी प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वार गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित करने को सही कदम बताया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में ही राम मंदिर बनवाया जाएगा।

हंसदास शुक्रवार को रमणरेती स्थित सूरज आश्रम में पत्रकारों से रू-ब-रू हुए। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों से होकर गंगा बह रही है, केंद्र सरकार उन राज्यों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करे। इसके अलावा प्रदूषण से मुक्ति दिलवाने के लिए संत और अधिकारियों का एक पैनल बनाया जाए, जो इस नदी का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट केंद्र को भेज सकें।

हंसदास महाराज ने यमुना नदी में गिर रहे नाले और गंदगी पर भी क्षोभ व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की पटरानी यमुना की दुर्दशा के लिए दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश शासन भी दोषी है। उन्होंने कहा कि साधु-संत भारत की हर नदी को स्वच्छ रखने के लिए एक बड़ा आंदोलन चलाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में ही राम मंदिर बनेगा, कहीं अन्यत्र नहीं। वार्ता में उपजा के जिलाध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु भी उपस्थित थे।



भीषण गर्मी ने ली भिखारी की जान

मौसम में आर्द्रता के कारण उमस बढ़ी

मथुरा (AU 2010.06.26)। शुक्रवार को गर्मी ने खूब परेशान किया। गर्मी से परेशान एक भिखारी ने गोवर्धन में दम तोड़ दिया। सूरज की तपिश बरकरार है। शुक्रवार को प्रातः मौसम में हल्की नरमी रही, किंतु सुबह दस बजे सूर्य की तपिश असहनीय होने लगी। आसमान पर बादल घिरे रहे। आर्द्रता कम नहीं हुई, जिससे उमस के हालात बने रहे।

राया स्थित कृषि विज्ञान शोध केंद्र के मौसम अनुभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री घटकर ४३ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान ३२ डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में आर्द्रता ५३ प्रतिशत रही।

उधर, गोवर्धन संवाददाता के अनुसार गर्मी असहनीय होती जा रही है। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में ५० वर्षीय एक भिखारी ने दम तोड़ दिया। उसकी जेब से अठन्नी व चवहन्नी निकलीं। शक्ल से वह भिखारी प्रतीत होता है।



ग्रामीणों को समझाया शिक्षा का महत्त्व


मथुरा (DJ 2010.06.26)। गांव मनीगढ़ी में बालाजी सैकेन्ड्री स्कूल का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर मौजूद अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

स्कूल का उद्घाटन राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह भरंगर, ठा. रामपाल सिंह, देवराज सिंह व ओमप्रकाश गोस्वामी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कूल की स्थापना की गयी है ताकि क्षेत्र के बच्चे भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। कमेटी के अध्यक्ष भगवान सिंह फौजदार, प्रबंधक पूरन सिंह, रनवीर सिंह आदि ने आए अतिथिओं का स्वागत किया। इस मौके पर गायक कलाकार राजबाला व नरदेव ने आसपास के गांव से आए।


No comments: